

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

abhishek banerjee residence police raid mamata banerjee kolkata
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में वित्तीय धोखाधड़ी के एक मामले को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बंगाल पुलिस और केंद्रीय बलों की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शनिवार सुबह खुद अभिषेक के घर पहुंचीं।
मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी थाने की पुलिस टीम कोलकाता पुलिस की मदद से शनिवार तड़के करीब रात 2:00 बजे अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने कई बार घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर इंतजार करने के बाद, सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस टीम ताला तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुई। पुलिस ने घर की तीनों मंजिलों पर करीब ढाई घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया।
यह पूरी कार्रवाई वित्तीय धोखाधड़ी के एक मामले से जुड़ी है। पूछताछ के दौरान भूमि भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार पूर्व विधायक सुजय हाजरा के निजी सहायक सुमित राय का नाम सामने आया था। जांच के दौरान सुमित के मोबाइल की अंतिम टावर लोकेशन अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर मिली थी। इसी पुख्ता इनपुट के आधार पर पुलिस की टीम ने यहाँ दबिश दी।
ढाई घंटे तक चली इस मैराथन तलाशी के बाद पुलिस के हाथ कुछ खास नहीं लगा।
जांच रिपोर्ट: “जांच के दौरान सुमित के मोबाइल का अंतिम टावर लोकेशन अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर मिली थी। इसी आधार पर पुलिस की टीम वहां पहुंची थी, हालांकि तलाशी के दौरान पुलिस को न तो सुमित राय मिले और न ही सूची का कोई सामान जब्त किया जा सका।”
बंगाल चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। TMC की स्थापना के समय से ही ममता बनर्जी के साथ रहे वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने भी अब पार्टी से अलग होने का फैसला कर लिया है। शनिवार को उन्होंने बीजेपी के केंद्रीय मंत्री और बंगाल के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव से मुलाकात की।
सुदीप बंदोपाध्याय के अलग होने से अब बागी सांसदों का आंकड़ा बढ़कर 20 हो गया है। बागी गुट के सभी 20 सांसद सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे। इससे पहले आज दिल्ली में एक अहम बैठक होने जा रही है। सुदीप के अलावा शनिवार को शताब्दी राय ने भी भूपेंद्र यादव से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि यह गुट ममता बनर्जी, कल्याण बनर्जी, महुआ मोइत्रा और अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली से नाराज है।
इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने सांसद माला राय को महिला संगठन के अध्यक्ष पद से हटाकर उनकी जगह काशगीत की विधायक आसिफा अहमद को नियुक्त किया है। चर्चा है कि माला राय भी इस कार्रवाई से नाराज होकर पहले ही अपना इस्तीफा भेज चुकी हैं।