

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

american-kayla-becomes-indian-bride-pendra-ankit
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: कहते हैं प्यार को सरहदें भी नहीं रोक पातीं, और इसका जीवंत उदाहरण सामने आया है छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में। अमेरिका में रह रही कायला ने भारतीय मूल के अंकित को अपना दिल दे दिया और दोनों ने भारतीय परंपराओं के अनुरूप विवाह के बंधन में बंध गए।
शादी का आयोजन नर्मदे आनंदम रिसॉर्ट, अमरकंटक में किया गया, जो मां नर्मदा की उद्गम स्थली के मनोरम प्राकृतिक परिवेश के लिए जाना जाता है। विवाह समारोह में भारतीय रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे, सिंदूर दान और अन्य पारंपरिक रस्में संपन्न हुईं।
अंकित साहू, जो पेंड्रा के प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी रमेश साहू के बेटे हैं, उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद अमेरिका के मिलवोकी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। वहीं, कायला अमेरिका में मेकेनिकल इंजीनियर हैं और पार्ट्स डिजाइनिंग के क्षेत्र में काम करती हैं। काम के दौरान दोनों की दोस्ती प्रेम में बदल गई और परिवार की सहमति से उन्होंने भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह करने का निर्णय लिया।
इस खास अवसर पर दुल्हन पक्ष से लगभग डेढ़ दर्जन लोग अमेरिका से भारत पहुंचे। विवाह समारोह में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और विदेशी मेहमान नवविवाहित जोड़े के साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आए। समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में चर्चा का विषय बन गई।
स्थानीय लोग अंकित और कायला की जोड़ी की सराहना कर रहे हैं और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना कर रहे हैं। अमेरिकी दुल्हन का भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणा का विषय बना हुआ है।