

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

balod tribal society police complaint against congress social media post
रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर के नेतृत्व में शुक्रवार को आदिवासी समाज के प्रमुख लोगों ने बालोद पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर कांग्रेस के सोशल मीडिया पदाधिकारियों पर जनजाति समाज को अपमानित करने, जातिगत गालियां देने और समाज को उकसाने का आरोप लगाया। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

देवलाल ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी अपना राजनीतिक वजूद बचाने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से झूठे और भ्रामक नैरेटिव फैलाकर सरकार की छवि खराब करने तथा जनजाति समाज को अपमानित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह नीति रही है कि सत्ता से बाहर होने पर जनता के बीच भ्रम फैलाया जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनजाति समाज को अपमानित करने के लिए नए-नए षड्यंत्र रच रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अपमानजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत की शह पर प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया पदाधिकारियों द्वारा ऐसा किया गया, जिससे आदिवासी समाज आहत है।

देवलाल ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पिछले चुनाव में अपनी हार के लिए जनजाति समाज को जिम्मेदार मानकर बदले की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की अस्मिता और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के संबंधित सोशल मीडिया पदाधिकारियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो आदिवासी समाज कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन करेगा।
इस दौरान सर्व आदिवासी समाज के अमाय नागवंशी, डोंडी हीरा ठाकुर, हल्बा आदिवासी समाज की अध्यक्ष मोहन्तिन चोरका, हल्बा समाज के अध्यक्ष निरंजन पटौदी, गोंड समाज तहसील उपाध्यक्ष डोमार नेताम, गोंड समाज लोहारा के अध्यक्ष जीवराखन भुआर्य, लोहारा हल्बा समाज के उपाध्यक्ष मदन महला, सर्किल अध्यक्ष हल्बा समाज रूपेश नायक, संजू मानकर, शिवराम सिन्द्रामे, साधना सोरी, डोमेन्द्र टेकाम सहित बालोद जिला सर्व आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे।