

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

baloda bazar nh 130b bus truck head on collision 19 passengers injured
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130B के सकरी बायपास पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से बलौदाबाजार की ओर आ रही रॉयल रायपुर ट्रेवल्स की यात्री बस और सामने से आ रहे एक ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में 19 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, 19 घायलों में से चार यात्रियों की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालकों के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।