

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhilai 85 lakh fraud tantra mantra case
छत्तीसगढ़ के भिलाई से अंधविश्वास, डर और धोखाधड़ी का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। घरेलू परेशानियां दूर करने, तंत्र-मंत्र और निवेश के नाम पर एक शातिर ठग ने महिला और उसके परिवार से करीब 85 लाख रुपए ऐंठ लिए।
आरोपी ने महिला को जिन्न, प्रेत बाधा और पति की मौत का ऐसा खौफ दिखाया कि महिला लगातार पैसे देती चली गई। भिलाई नगर के कोतवाली थाने में पीड़िता संगीता कश्यप की शिकायत पर पुलिस ने जबलपुर के रहने वाले आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, यह सिलसिला नवंबर 2023 में शुरू हुआ था। भिलाई की रहने वाली संगीता कश्यप रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। वहां उनकी मुलाकात जबलपुर निवासी पवन बधौलिया से हुई। बातचीत के दौरान संगीता ने अपनी कुछ घरेलू परेशानियों का जिक्र किया। इसी का फायदा उठाकर पवन ने दावा किया कि उसकी पहुंच ऐसे बड़े तांत्रिकों और जानकारों तक है, जो विशेष पूजा-पाठ से सारी समस्याएं चुटकियों में दूर कर सकते हैं।
कार्यक्रम से लौटने के बाद आरोपी पवन लगातार महिला को फोन कर डराने लगा। उसने महिला से कहा कि उसके घर पर भारी ग्रह दोष, प्रेत बाधा और जिन्न का साया है। उसने जबलपुर में 'गुप्त पूजा' कराने और 43 दिनों तक विशेष दीपक जलाने के नाम पर मोटी रकम वसूलनी शुरू कर दी। जब भी महिला पैसे देने में आनाकानी करती, तो आरोपी कहता “जिन्न नाराज हो जाएंगे और तुम्हारे पूरे परिवार को तबाह कर देंगे।”
इस खौफ में आकर महिला ने कई बार में लाखों रुपए ट्रांसफर किए, यहां तक कि एक बार अपने रिश्तेदार के क्यूआर कोड से भी 50 हजार रुपए भिजवाए।
ठगी की हद तब पार हो गई जब आरोपी ने महिला को डराया कि यदि तुरंत विशेष पूजा नहीं की गई, तो उसके पति का भयानक एक्सीडेंट हो जाएगा। इस डर के एवज में उसने 1.50 लाख रुपए ऐंठे। दुर्भाग्य से, कुछ समय बाद महिला के पति की सच में एक सड़क हादसे में मौत हो गई।
इस दुखद घटना को आरोपी ने ढाल बना लिया। पति के अस्पताल में वेंटिलेटर पर रहने के दौरान भी वह लगातार पैसों की मांग करता रहा और महिला को यह विश्वास दिलाता रहा कि उसकी पूजा ही उसके पति की जान बचा सकती है।
पति की मौत के बाद आरोपी ने महिला के बेटे विक्रांत कश्यप को अपने जाल में फंसाया। उसने शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर करोड़ों का मुनाफा कमाने का लालच दिया। मां-बेटे ने झांसे में आकर किश्तों में लाखों रुपए उसके खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब निवेश का पैसा डूबने लगा, तो आरोपी ने पासा पलटा और बेटे को सरकारी नौकरी लगवाने का लालच दिया। उसने बकायदा फर्जी नियुक्ति पत्र (Appointment Letter) और जॉइनिंग लेटर तक दिखाए। नौकरी के सिलसिले में महिला को भोपाल बुलाकर 4 लाख रुपए कैश भी लिए गए।
जब पीड़िता और उसके बेटे को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने अपने 85 लाख रुपए का हिसाब मांगा, तो आरोपी ने ड्रामेबाजी और धमकियां शुरू कर दीं। 12 अक्टूबर 2025 को पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने अपने हाथ की नस काट ली और खून से लथपथ फोटो व्हाट्सएप पर भेजकर महिला पर मानसिक दबाव बनाया। 16 अगस्त को आरोपी ने फोन कर कहा कि उसे उज्जैन के पास पुलिस ने पकड़ लिया है और मुंबई क्राइम ब्रांच ले जा रही है। उसने कहा कि पुलिस छोड़ने के लिए 7 लाख रुपए मांग रही है। डर के मारे महिला ने फिर 5 लाख रुपए भेज दिए। उसने कभी खुद को कोलकाता जेल में बंद बताया, तो कभी मां के ब्रेन हेमरेज और पिता की मौत का झूठा बहाना बनाकर पैसे ऐंठे।
लगातार मिल रही धमकियों और करोड़ों के मुनाफे के बदले पूरी जमा-पूंजी गंवाने के बाद आखिरकार पीड़िता ने भिलाई नगर कोतवाली में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) और अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जबलपुर और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।