

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Meeting of BJP state office-bearers in Raipur; 'Black Day' to be observed across the state tomorrow.
रायपुर। भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी शामिल हुए।
मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाती है। इसमें पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा करने के साथ-साथ आगामी आयोजनों की रूपरेखा तय की जाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश स्तर पर तय कार्यक्रमों को जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की कि कल 25 जून को आपातकाल दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में "काला दिवस" मनाया जाएगा। इस दौरान मशाल जुलूस, रैलियां और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगे प्रतिबंधों और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी जैसे घटनाक्रमों से अवगत कराना जरूरी है।
बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जिलों में चल रहे संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि जो व्यक्ति बैठक में शामिल ही नहीं था, उसे बैठक में हुई चर्चा की जानकारी कैसे हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता भ्रामक बातें फैलाकर गलत नैरेटिव तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारी और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष रणनीति बनाई गई। लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों के बाद आयोजित इस बैठक को भाजपा संगठन की आगामी राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।