

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bhupesh Baghel attacks BJP-RSS, says, 'Loot is taking place today in the name of the Ram Mandir.'
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर दौरे के दौरान भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था, जबकि आज कुछ संगठन राम मंदिर के नाम पर लूट में लगे हुए हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर महंगाई, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
भूपेश बघेल ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी थीं, तब तेल कंपनियों के नुकसान की जानकारी सार्वजनिक की जाती थी। अब जब क्रूड ऑयल की कीमतें कम हुई हैं तो सरकार और तेल कंपनियां अपने मुनाफे का हिसाब जनता के सामने क्यों नहीं रख रही हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियां आज भी आम जनता के सबसे बड़े मुद्दे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बिजली दरों में बढ़ोतरी का विरोध करते हुए कहा कि ऐसी कोई परिस्थिति नहीं है जिसमें बिजली महंगी करने की जरूरत हो। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार में आम जनता और किसानों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।
बघेल ने दावा किया कि प्रदेश में हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि जेलों के भीतर भी दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और रेत माफिया खुलेआम हिंसा कर रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बावजूद कई स्कूलों में छात्रों को ड्रेस, किताबें और अन्य आवश्यक सुविधाएं नहीं मिली हैं। कई विद्यालयों में शिक्षकों और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। उनके अनुसार सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
भूपेश बघेल ने कहा कि कमजोर मानसून के बीच किसान खाद की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएपी और सुपर फॉस्फेट की जगह दूसरी खाद ऊंचे दामों पर बेची जा रही है। उनका कहना था कि यदि सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है तो बाजार में इसकी उपलब्धता कैसे संभव है। उन्होंने सरकार पर खाद की कालाबाजारी को संरक्षण देने और किसानों से 200 से 700 रुपये तक अतिरिक्त वसूली का आरोप लगाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल जीवन मिशन की सफलता के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कई क्षेत्रों में लोगों को अब भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी से डरती है और उनकी छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी द्वारा कोई भी मुद्दा उठाए जाने पर भाजपा का पूरा संगठन सक्रिय हो जाता है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बघेल ने कहा कि कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा में चरणदास महंत और संगठन में दीपक बैज अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं तथा पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी।