

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhilai shooter arrested vadodara businessman attack
दुर्ग: गुजरात के वडोदरा पुलिस ने गारमेंट व्यापारी आशीष बाकोलिया पर गोली चलाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है। पुलिस के खुलासे के अनुसार, इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड विदेशी कंपनी 'दयाल स्टील' का मालिक जय दयाल है, जिसने व्यापारी की हत्या की साजिश फिजी में रची थी।
जय दयाल ने अपने कर्मचारी विक्रम सिंह को व्यापारी की हत्या की सुपारी दी थी। विक्रम ने भिलाई के शूटर गुरजीत सिंह को 50 हजार रुपये में गोली मारने का ठेका दिया। सुपारी किलिंग के लिए जय दयाल ने विक्रम की पत्नी के बैंक खाते में 2.72 लाख रुपये जमा कराए थे। इसी रकम से पिस्टल, मोटरसाइकिल और अन्य इंतजाम किए गए थे।
भिलाई नगर थाने का निगरानी गुंडा गुरजीत सिंह ने ही व्यापारी आशीष पर गोली चलाई थी। बताया जा रहा है कि अनाथ होने के कारण वह अपराध की दुनिया से जुड़ा और लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज, आधार कार्ड, बाइक नंबर और ट्रेन की टिकट जैसे साक्ष्य मिले थे, जिसके आधार पर पुलिस भिलाई पहुंची। दुर्ग पुलिस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर गुजरात ले जाया गया और उनसे पिस्टल व मैगजीन बरामद की गई।
पीड़ित आशीष बाकोलिया, फिजी की दयाल स्टील कंपनी में फाइनेंशियल मैनेजर के तौर पर काम करता था। गुजरात पुलिस के अनुसार, आरोपी विक्रम घटना को अंजाम देने के बाद फिजी वापस लौटने की फिराक में था।