

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhopal first cement free road built with fly ash technology
भोपाल स्थित सीएसआईआर-एडवांस्ड मटेरियल्स एंड प्रोसेसेज रिसर्च इंस्टीट्यूट (एम्प्री) ने कचरे को संपदा में बदलने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने देश की पहली ऐसी सड़क तैयार की है, जिसमें पारंपरिक सीमेंट का इस्तेमाल नहीं किया गया है। यह सड़क बिजली संयंत्रों से निकलने वाली फ्लाई ऐश (राख) और जियोपॉलिमर तकनीक की मदद से बनाई गई है।
इस अभिनव परियोजना की शुरुआत 2 फरवरी को सीएसआईआर की महानिदेशक डॉ. एन. कलाईसेल्वी ने की थी, जबकि इसका औपचारिक उद्घाटन आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर विनोद कुमार सिंह ने किया। संस्थान के निदेशक प्रो. थल्लाडा भास्कर के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक डॉ. मनीष मुद्गल और उनकी टीम ने इस सड़क का निर्माण किया।
एम्प्री के वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस नई तकनीक से बनी सड़क पारंपरिक सीमेंट सड़कों की तुलना में 83 प्रतिशत तक कार्बन उत्सर्जन कम करती है। इसके निर्माण में 80 प्रतिशत कम ऊर्जा खर्च होती है, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ विकल्प बन सकती है।
सबसे खास बात यह है कि इस सड़क के निर्माण के बाद पानी से तराई (क्योरिंग) की जरूरत नहीं पड़ती। सड़क केवल 21 दिनों के भीतर 35 से 40 एमपीए तक मजबूती हासिल कर लेती है, जो सामान्य सीमेंट कंक्रीट सड़क के बराबर मानी जाती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह तकनीक भविष्य में सड़क निर्माण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकती है और औद्योगिक कचरे के बेहतर उपयोग का उदाहरण बन सकती है।