

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhoramdeo saras mela 2026 vijay sharma plastic free solid waste management kabirdham
रायपुर, 4 अगस्त 2026। पवित्र श्रावण माह में कबीरधाम जिले के प्रसिद्ध भोरमदेव सरस मेला में इस वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं, दुकानदारों और शिविर संचालकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भोरमदेव धाम आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक विरासत का प्रतीक है, इसलिए इसकी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मेले में आने वाले सभी लोग प्लास्टिक का उपयोग करने से बचें और इसकी जगह कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार और शिविर संचालक गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा कचरा केवल निर्धारित कचरा पात्र या कचरा गाड़ियों में ही डालें। वहीं श्रद्धालुओं से भी घर से कपड़े का थैला और पानी की बोतल साथ लाने तथा खुले में कचरा नहीं फेंकने का आग्रह किया गया।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल सरस मेला ही नहीं, बल्कि पूरे भोरमदेव परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाना है, ताकि यहां की प्राकृतिक सुंदरता सुरक्षित रहे और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने ग्रामीणों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, मितानिन बहनों और स्वच्छाग्रहियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा अपने गांव और भोरमदेव धाम को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी कबीरधाम जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया और अपने आसपास के लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प दोहराया।