

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhoramdev cooperative sugar-factory national award highest sugar recovery chhattisgarh
रायपुर। कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कारखाने को लगातार दो पेराई सत्र 2024-25 और 2025-26 के लिए ‘हाईएस्ट शुगर रिकवरी–अदर एरिया’ श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। छत्तीसगढ़ के किसी सहकारी शक्कर कारखाने को पहली बार इस श्रेणी में यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है।
नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित शुगर फैक्ट्री एफिशिएंसी अवॉर्ड समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया गया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को सम्मानित किया। समारोह में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर भी मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
किसानों की मेहनत और बेहतर प्रबंधन को श्रेय
इस उपलब्धि पर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कारखाने से जुड़े गन्ना उत्पादक किसानों और प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण गन्ने की आपूर्ति, कारखाने की तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल कारखाने की सफलता नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत और सहकारिता व्यवस्था की सामूहिक शक्ति का सम्मान है।
‘सहकार से समृद्धि’ पर जोर
केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प के अनुरूप राज्य में सहकारी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को किसानों की आर्थिक प्रगति और ग्रामीण विकास का मजबूत माध्यम बनाना है।
उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं को आधुनिक, पारदर्शी, जवाबदेह और किसान हितैषी बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि इन संस्थाओं की गतिविधियों का सीधा लाभ किसानों तक पहुंच सके।
सहकारी संस्थाओं के डिजिटलीकरण पर भी जोर
सहकारिता विभाग में डिजिटलीकरण, प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के कम्प्यूटरीकरण और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है। इससे सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने की यह सफलता प्रदेश की अन्य सहकारी संस्थाओं को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
लगातार दो पेराई सत्रों में राष्ट्रीय सम्मान
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को 2024-25 और 2025-26, दोनों पेराई सत्रों के लिए “हाईएस्ट शुगर रिकवरी इन अदर एरिया” श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है।
कारखाने की ओर से यह पुरस्कार आयुक्त सहकारिता रमेश शर्मा, विभागीय अधिकारियों और कारखाना प्रबंधन ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया।