

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bjp social media national convener deepak mhaske takes charge
नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। उनके साथ नवनियुक्त राष्ट्रीय सह-संयोजक प्रीति गांधी, शिवानन्द द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव ने भी पदभार ग्रहण किया।

इन नियुक्तियों को पार्टी नेतृत्व द्वारा हाल ही में गठित राष्ट्रीय टीम के तहत किया गया है। पदभार संभालने के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में भाजपा की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे और नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
सोशल मीडिया की मजबूत विरासत को आगे बढ़ाना सम्मान और जिम्मेदारी दोनों : दीपक म्हस्के
पदभार ग्रहण करने के बाद दीपक म्हस्के ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
उन्होंने निवर्तमान सोशल मीडिया संयोजक अमित मालवीय का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मालवीय ने वर्षों के परिश्रम और नेतृत्व के जरिए भाजपा की डिजिटल उपस्थिति को मजबूत आधार और नई पहचान दी। उनके अनुभव और मार्गदर्शन के साथ इस विरासत को आगे बढ़ाना सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है।
दीपक म्हस्के ने कहा कि नई तकनीक, नए डिजिटल माध्यमों और नई पीढ़ी की संवाद शैली के साथ पार्टी के विचारों, सरकार के कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक और प्रभावी ढंग से पहुंचाना आज की आवश्यकता है।
उन्होंने संगठन की ओर से जताए गए विश्वास को पूरी निष्ठा, समर्पण और परिश्रम के साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मार्गदर्शन एवं सहयोग की अपेक्षा जताई।