

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cg pds ration distribution delay 76 percent rice
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत पात्र हितग्राहियों को अप्रैल, मई और जून महीने का चावल एकमुश्त देने का वादा फिलहाल कछुआ चाल चलता नजर आ रहा है। राज्य शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अब तक प्रदेश में केवल 76.62% चावल का ही वितरण हो पाया है। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच लोग राशन दुकानों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से खबरें आ रही हैं कि राशन दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। पारा 40 डिग्री के पार होने के बावजूद लोग घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने को विवश हैं। कई जगहों पर हितग्राहियों को यह कहकर लौटाया जा रहा है कि 'स्टॉक खत्म हो गया है', जिसके कारण लोगों को एक बार राशन लेने के लिए 2 से 3 बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
दूसरी ओर, खाद्य विभाग इन शिकायतों को अस्थायी बता रहा है। खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले के मुताबिक, प्रदेश में चावल का पर्याप्त भंडारण (लगभग 94%) किया जा चुका है और वितरण की प्रक्रिया लगातार जारी है। विभाग का कहना है कि शुरुआती दिनों में भीड़ अधिक होने के कारण दिक्कतें आई थीं, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। साथ ही, दुकानों पर छाया और ठंडे पानी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।