

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cgbse-result-2026-revaluation-retotaling-form-last-date
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 2026 के परिणाम जारी होने के बाद छात्रों के लिए पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन और उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही मंडल ने दूसरी मुख्य परीक्षा 2026 के लिए आवेदन तिथियों की भी घोषणा कर दी है।
मंडल से जारी निर्देश के अनुसार, परीक्षार्थी रिजल्ट जारी होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर यानी 14 मई 2026 तक पुनर्गणना (Re-totaling), पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) और उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति के लिए आवेदन कर सकते हैं। छात्र अपनी सुविधा अनुसार एक, दो या तीनों प्रक्रियाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध हैं। निर्धारित प्रारूप मंडल की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। छात्र आवेदन पत्र जिला, तहसील और विकासखंड स्तर की अग्रेषण संस्थाओं में शुल्क के साथ जमा कर सकते हैं, वहीं ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी गई है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इधर, दूसरी मुख्य परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 मई 2026 से शुरू होकर 30 मई 2026 तक चलेगी। इच्छुक विद्यार्थी सामान्य शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
दूसरी मुख्य परीक्षा में वे सभी छात्र आवेदन कर सकते हैं, जो मुख्य परीक्षा 2026 में पंजीकृत थे। इसमें पूरक (Supplementary), अनुत्तीर्ण (Fail) और श्रेणी सुधार (Improvement) के इच्छुक विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2025 की परीक्षा में पहली बार पंजीकृत होकर अनुत्तीर्ण या पूरक आए छात्र भी क्रेडिट योजना के तहत पात्रता अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
नियमित परीक्षार्थियों को आवेदन अपने विद्यालय के माध्यम से करना होगा, जबकि स्वाध्यायी और अवसर परीक्षा देने वाले छात्रों को समन्वय संस्थाओं के जरिए आवेदन करना होगा।