

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cgpsc si recruitment result controversy
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2024-26 के प्रारंभिक परिणाम जारी होते ही राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है। मेरिट सूची में 'स्पेशल रानी', 'न्यूज' और 'तूफान' जैसे अजीबोगरीब नाम सामने आने के बाद प्रतियोगी छात्रों के साथ-साथ राजनीतिक दलों में भी हैरानी है और इसको लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं।
क्या है पूरा मामला?
छत्तीसगढ़ में 12 जुलाई को 33 जिलों में 341 पदों के लिए सूबेदार, एसआई और प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसके परिणाम हाल ही में जारी हुए हैं। इसमें 7 हजार से अधिक अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए पात्र हुए हैं। हालांकि, सूची में शामिल कुछ अजीब नामों ने सबका ध्यान खींचा।
आयोग का स्पष्टीकरण
मामले तूल पकड़ने के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि परिणामों में वही विवरण प्रकाशित किया गया है जो अभ्यर्थियों ने अपने ऑनलाइन आवेदन में भरा था। दस्तावेजों के सत्यापन और उन्हीं नामों से परीक्षा देने के कारण परिणाम में भी यही नाम आए हैं।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
भूपेश बघेल: पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर तंज कसते हुए लिखा कि प्रारंभिक परीक्षा में 'न्यूज' और 'स्पेशल रानी' ने शानदार सफलता हासिल की है, दोनों को बधाई। साथ ही उन्होंने सरकार पर चुटकी ली।
कांग्रेस का रुख: कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है।
भाजपा का पलटवार: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने पलटवार करते हुए कहा कि संवैधानिक संस्था ने तथ्य स्पष्ट कर दिए हैं, इसलिए अब कांग्रेस को अपनी सरकार के दौरान हुए भर्ती घोटालों का इतिहास याद रखना चाहिए और युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।