

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cgpsc si result 2024 social media rumors official clarification
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार, उप-निरीक्षक (SI) संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारियों का सख्त खंडन किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में प्रदर्शित सभी अभ्यर्थियों के नाम वही हैं, जो उन्होंने स्वयं ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज कर अंतिम रूप से सबमिट किए थे।
दरअसल, 4 अगस्त 2026 को प्रारंभिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर रील्स और शॉर्ट्स वीडियो बनाए जा रहे हैं। इनमें नामों का उपहास उड़ाने के साथ-साथ परीक्षा की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
CGPSC ने कहा है कि परिणाम में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज किए गए नामों के आधार पर ही दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षण (PST) और प्रारंभिक लिखित परीक्षा की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई थी। यही नाम अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (Admit Card) में भी अंकित थे और इन्हीं के आधार पर सत्यापन किया गया।
आयोग के अवर सचिव ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी असत्य, भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी पर विश्वास न करें। परीक्षा से संबंधित किसी भी आधिकारिक सूचना के लिए केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।