

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cgpsc si result controversy viral merit list names commission clarification
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक लिखित परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब इसे लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ सूचियों में अभ्यर्थियों के नामों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने इन दावों को भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए सफाई जारी की है।
दरअसल, CGPSC ने 4 अगस्त 2026 को SI भर्ती प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था। परिणाम जारी होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुछ स्क्रीनशॉट और वीडियो वायरल होने लगे, जिनमें मेरिट लिस्ट में दर्ज कुछ नामों को लेकर चर्चा शुरू हो गई। वायरल सूची में कुछ ऐसे नाम दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें लेकर लोगों ने सवाल उठाए।
कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर जारी एक स्क्रीनशॉट में मेरिट लिस्ट में दर्ज कुछ नामों जैसे "स्पेस रानी", "न्यूज़" और "तूफान" का जिक्र करते हुए राज्य सरकार और आयोग पर निशाना साधा गया। कांग्रेस का आरोप है कि इस तरह की प्रविष्टियां परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े करती हैं। कांग्रेस ने इसे सरकार के सुशासन के दावों से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं।





हालांकि, इस पूरे मामले पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। आयोग ने कहा है कि परीक्षा परिणाम में अभ्यर्थियों के वही नाम प्रदर्शित किए गए हैं, जो उन्होंने स्वयं ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय दर्ज किए थे और अंतिम रूप से सबमिट किए थे।
आयोग के अनुसार, इन्हीं नामों के आधार पर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षण (PST) और प्रारंभिक परीक्षा की प्रक्रिया भी इन्हीं विवरणों के आधार पर पूरी की गई।
CGPSC ने सोशल मीडिया पर चल रही रील्स और शॉर्ट वीडियो में किए जा रहे दावों का खंडन करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों के नामों को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। आयोग ने स्पष्ट किया कि परिणाम सूची में किसी भी प्रकार का बदलाव या मनमाना नाम दर्ज नहीं किया गया है।
आयोग ने अभ्यर्थियों और आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक जानकारियों पर भरोसा न करें। भर्ती परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं को ही प्रमाणिक माना जाए।
फिलहाल SI भर्ती परीक्षा परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है। जहां विपक्ष इस मामले को लेकर सवाल उठा रहा है, वहीं आयोग ने इसे ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज किए गए नामों का परिणाम बताया है।