

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh bjp president change rumors party denies leadership change
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को बदले जाने की चर्चाओं ने एक बार फिर सियासी हलचल बढ़ा दी है। पिछले कुछ समय से राजनीतिक गलियारों में ऐसी अटकलें चल रही हैं कि प्रदेश भाजपा के संगठन में बड़ा बदलाव हो सकता है और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष की जगह प्रदेश के ही किसी बड़े नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
इन चर्चाओं के बीच अब भाजपा की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है। पार्टी ने प्रदेश नेतृत्व में बदलाव को लेकर चल रही खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश अध्यक्ष को बदलने से संबंधित ऐसा कोई भी प्रस्ताव पार्टी के स्तर पर विचाराधीन नहीं है।
हेमंत पाणिग्रही ने बयान जारी करते हुए कहा, “कतिपय मीडिया संस्थानों में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व में बदलाव से संबंधित चल रही खबर निराधार है। ऐसा कोई भी प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।”
प्रदेश के बड़े नेता को जिम्मेदारी मिलने की थी चर्चा
दरअसल, छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को लेकर बीते कुछ दिनों से संगठन में बदलाव की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में जोर पकड़ रही थीं। चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा था कि यदि प्रदेश अध्यक्ष बदला जाता है तो पार्टी प्रदेश के किसी अनुभवी और बड़े नेता को संगठन की कमान सौंप सकती है।
हालांकि, इन चर्चाओं के बीच भाजपा ने फिलहाल स्थिति स्पष्ट कर दी है। पार्टी के प्रदेश मीडिया संयोजक के बयान के बाद प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगता नजर आ रहा है।
पार्टी ने साफ किया रुख
भाजपा की ओर से जारी यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश संगठन को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही थीं। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश नेतृत्व में बदलाव का कोई प्रस्ताव फिलहाल विचाराधीन नहीं है।
ऐसे में अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर कोई बदलाव होता है या मौजूदा नेतृत्व के साथ ही पार्टी आगे की रणनीति को आगे बढ़ाती है।