

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh free bus travel senior citizens 80 plus
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के हित में एक बड़ा और संवेदनशील फैसला लेते हुए 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को पात्र यात्री बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत बुजुर्गों के साथ उनके एक सहायक को भी मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए परिवहन विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित होगी जानकारी
परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अधिक से अधिक पात्र बुजुर्ग इस योजना से अवगत हो सकें, इसके लिए बस स्टैंडों, यात्री प्रतीक्षालयों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और बसों के अंदर योजना की जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी।
सम्मानजनक व्यवहार और सहयोग के निर्देश
परिवहन विभाग ने संबंधित अधिकारियों और बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों व उनके सहायक को बिना किसी बाधा के निःशुल्क यात्रा कराई जाए। साथ ही, यात्रा के दौरान उनके साथ पूर्ण सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
त्वरित शिकायत निवारण की व्यवस्था
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी वरिष्ठ नागरिक को योजना का लाभ उठाने में कोई कठिनाई आती है, तो उनकी शिकायत का तुरंत समाधान किया जाए। शासन का यह उद्देश्य बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुगम परिवहन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने सामाजिक, पारिवारिक और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आसानी से आवागमन कर सकें।