

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh government jobs recruitment vacant posts chief secretary meeting 2026
छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्तियों को लेकर बड़ी समीक्षा बैठक, मुख्य सचिव ने रिक्त पदों का मांगा पूरा ब्योरा
रायपुर, 3 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने और भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने की दिशा में सरकार ने कवायद तेज कर दी है। मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की विभागवार समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) के माध्यम से चल रही भर्ती परीक्षाओं और विभागों की ओर से भेजे गए इंडेंट यानी मांग पत्रों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने रिक्त पदों को भरने के लिए वित्त विभाग से मिली सहमति की स्थिति भी जानी।
पूर्व में विज्ञापित पदों और नियुक्तियों की भी समीक्षा
बैठक में पहले विज्ञापित किए जा चुके पदों की वर्तमान स्थिति और उन पदों पर अब तक हुई नियुक्तियों का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों से यह जानकारी ली गई कि किन विभागों में भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और किन पदों पर अभी कार्रवाई लंबित है।
मुख्य सचिव ने विभागों में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही भर्ती से जुड़े नियमों को अपडेट करने पर भी जोर दिया गया।
2027 की भर्तियों की भी तैयारियां
बैठक में वर्ष 2027 के लिए सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचित किए जाने वाले संभावित पदों को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अलावा सभी विभागों में भर्ती नियमों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक का उद्देश्य सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया को गति देना, भर्ती नियमों को समय के अनुरूप अपडेट करना और आने वाले वर्षों में होने वाली भर्तियों के लिए स्पष्ट नियोजन तैयार करना रहा।
कई प्रमुख विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋर्चा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री एवं खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और छत्तीसगढ़ चयन मंडल के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
सरकार की इस समीक्षा के बाद अलग-अलग विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।