

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh guest faculty daily honorarium new payment system government colleges
रायपुर। प्रदेश के 343 सरकारी कॉलेजों में कार्यरत अतिथि व्याख्याताओं के लिए राज्य सरकार जल्द नई मानदेय व्यवस्था लागू करने जा रही है। नई व्यवस्था के तहत अब अतिथि व्याख्याताओं को प्रति पीरियड के बजाय प्रतिदिन के आधार पर मानदेय दिया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है और जल्द ही आदेश जारी होने की संभावना है।
नई व्यवस्था के अनुसार अतिथि व्याख्याताओं को उपस्थिति के आधार पर प्रतिदिन 2,000 रुपये मानदेय मिलेगा। वहीं, अधिकतम 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक भुगतान किया जा सकेगा।
अभी कैसे मिलता है मानदेय?
वर्तमान में 40-45 मिनट के एक पीरियड के लिए 400 रुपये और 60 मिनट के पीरियड के लिए 500 रुपये दिए जाते हैं। एक दिन में अधिकतम चार पीरियड का ही भुगतान होता है। इस व्यवस्था में अधिकतम 1,600 से 2,000 रुपये प्रतिदिन और लगभग 41,600 से 50,000 रुपये प्रतिमाह तक मानदेय मिल पाता है।
विवाद खत्म करने की तैयारी
अतिथि व्याख्याताओं की लंबे समय से शिकायत थी कि कई कॉलेजों में उन्हें जानबूझकर कम पीरियड दिए जाते हैं, जिससे उनकी आय प्रभावित होती है। इसी वजह से वे प्रतिदिन निश्चित मानदेय की मांग कर रहे थे। नई व्यवस्था लागू होने से पीरियड आवंटन को लेकर होने वाले विवाद खत्म होने की उम्मीद है।
जल्द जारी होगा आदेश
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि अतिथि व्याख्याताओं के मानदेय की समीक्षा के लिए गठित समिति अपनी रिपोर्ट दे चुकी है। अब प्रति पीरियड की जगह प्रतिदिन 2,000 रुपये मानदेय देने संबंधी आदेश जल्द जारी किया जाएगा।
साथ ही, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति संबंधी आदेश भी जल्द जारी किए जाएंगे, जिसके बाद सरकारी कॉलेजों में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी।