

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के कई अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी दो अलग-अलग आदेशों में जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO), नगर निगम आयुक्तों तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आदेश के अनुसार, रिमिजियुस एक्का को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं गजेंद्र सिंह ठाकुर को धमतरी जिला पंचायत के CEO पद से उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में पदस्थ किया गया है।
इसी तरह प्रतीक जैन को बस्तर से कोरबा जिला पंचायत का CEO बनाया गया है। सुश्री सुरुचि सिंह को राजनांदगांव जिला पंचायत से भिलाई नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। जयंत नाहटा को दंतेवाड़ा से धमतरी जिला पंचायत का CEO बनाया गया है, जबकि एम. भार्गव को दंतेवाड़ा जिला पंचायत और तन्मय खन्ना को बस्तर जिला पंचायत के CEO की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा दुर्गा प्रसाद अधिकारी को राजनांदगांव जिला पंचायत का CEO बनाया गया है।
दूसरे आदेश में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसमें इन्द्रजीत बर्मन को स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में अपर संचालक, राजीव कुमार पाण्डेय को उच्च शिक्षा संचालनालय में अपर संचालक और भारती चन्द्राकर को मार्कफेड में अतिरिक्त प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं कई जिला पंचायतों के CEO, नगर निगम आयुक्तों और अपर कलेक्टरों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।