

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Demand to include eligible families left out of the Awas Plus 2.0 survey in the scheme; Deputy Chief Minister Vijay Sharma writes to Shivraj Singh Chouhan.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वे में छूटे पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। उन्होंने सर्वेक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का उल्लेख करते हुए भारत सरकार से आवश्यक निर्णय लेने और जल्द समाधान निकालने का आग्रह किया है।
अपने पत्र में विजय शर्मा ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उसके सफल आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए आभार भी व्यक्त किया।
उपमुख्यमंत्री ने पत्र में सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दिए गए उस आश्वासन का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित नहीं रहेगा। इसी संदर्भ में विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ में योजना के क्रियान्वयन के दौरान सामने आ रही व्यावहारिक चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया।
विजय शर्मा ने बताया कि 24 जून को प्रदेशभर की ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 की पात्रता सूची प्रस्तुत की गई थी। इस दौरान कई ऐसी समस्याएं सामने आईं, जिनके कारण बड़ी संख्या में पात्र परिवार सूची से बाहर रह गए।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के समय कई परिवार पलायन या अन्य कारणों से अपने गांव में मौजूद नहीं थे, जिसके चलते उनका सर्वे नहीं हो सका। वहीं, कुछ परिवारों का सर्वे तो हुआ, लेकिन तकनीकी अथवा अन्य कारणों से उनकी जानकारी पोर्टल पर अपडेट नहीं हो सकी या प्रदर्शित नहीं हुई। परिणामस्वरूप ग्राम सभा की पात्रता सूची में उनके नाम शामिल नहीं हो पाए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन परिस्थितियों के कारण बड़ी संख्या में पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभ से वंचित रह गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि ऐसे सभी पात्र हितग्राहियों को योजना में शामिल करने के लिए आवश्यक नीति-निर्णय लिए जाएं और राज्यों को आवश्यक सुविधा प्रदान की जाए।
पत्र के अंत में विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "हर पात्र परिवार को आवास" के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दिए जा रहे निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए पुनः आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इस विषय में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।