

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Vikas Agarwal Arrest
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में फरार चल रहे कारोबारी विकास अग्रवाल को आखिरकार भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय कर 27 नवंबर को उसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से मुंबई पहुंचाया। अब आरोपी को रायपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विकास अग्रवाल पर वर्ष 2019 से 2022 के बीच छत्तीसगढ़ की शराब वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह शराब घोटाले के सिंडिकेट का केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी 'खजांची' था। उस पर डिस्टिलरीज से कमीशन की रकम जुटाने और उसे सरकारी अधिकारियों सहित सिंडिकेट के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने का आरोप है।
CBI के मुताबिक, शराब वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के चलते राज्य के सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। जांच में सामने आया है कि विकास अग्रवाल कथित तौर पर कमीशन की रकम के लेन-देन और अपराध से अर्जित धन को छिपाने के लिए विभिन्न कंपनियों और वित्तीय व्यवस्थाओं का इस्तेमाल करता था।
इस मामले में नवंबर 2024 में ही अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। इसके बावजूद विकास अग्रवाल लंबे समय से फरार था और जांच एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।
विकास अग्रवाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी कराया गया था। इसके बाद UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया।
छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम भी UAE पहुंची थी। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया। इसके बाद टीम उसे लेकर 27 नवंबर को मुंबई पहुंची।
अब विकास अग्रवाल की रायपुर कोर्ट में पेशी होगी। इस कार्रवाई को छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले की जांच में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पूछताछ के दौरान इस कथित सिंडिकेट से जुड़े और कौन-कौन से राज सामने आते हैं।