

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur medical pg admission fraud doctors cheated 2 crore fake allotment letter
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मेडिकल पीजी (एमडी) में एडमिशन दिलाने के नाम पर दो डॉक्टरों से करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एमडी रेडियोलॉजी और मेडिसिन में सीट दिलाने का झांसा देकर डॉक्टरों से मोटी रकम वसूली। इतना ही नहीं, भरोसा जीतने के लिए फर्जी सीट अलॉटमेंट लेटर और एडमिशन ऑर्डर भी भेजे। ठगी का शिकार हुए एक डॉक्टर ने अपने बेटे का एडमिशन कराने के लिए एजुकेशन लोन लिया और अपना घर तक गिरवी रख दिया।
मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से जुड़े पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 55 वर्षीय पीड़ित डॉक्टर का बेटा एमबीबीएस पास करने के बाद वर्ष 2023 में नीट पीजी की परीक्षा में शामिल हुआ था। इसी दौरान अक्टूबर 2023 में गिरोह के एक सदस्य ने डॉक्टर से संपर्क किया और एमडी रेडियोलॉजी या मेडिसिन में सीट दिलाने का दावा किया। इसके लिए शुरुआत में 2.50 करोड़ रुपए की मांग की गई, बाद में सौदा 2.30 करोड़ रुपए में तय हुआ।
आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से डॉक्टर से 74 लाख 37 हजार 801 रुपए ऑनलाइन और बैंकिंग माध्यम से लिए, जबकि 55 लाख रुपए नकद वसूले। इस तरह कुल 1 करोड़ 29 लाख 37 हजार रुपए ले लिए गए।
फरवरी 2024 में जब एडमिशन की सूची जारी हुई तो डॉक्टर के बेटे का नाम उसमें नहीं था। इसके बाद डॉक्टर को ठगी का शक हुआ। आरोपियों ने रकम वापस करने का भरोसा देकर उन्हें टालना शुरू कर दिया।
इसी बीच आरोपियों ने वॉट्सऐप पर 3.54 लाख रुपए फीस जमा होने का फर्जी सीट अलॉटमेंट लेटर भेजा और बेटे को मैंगलोर के एक मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करने के लिए कहा। डॉक्टर अपने बेटे के साथ वहां पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि सीट उपलब्ध नहीं है। इसके बाद आरोपी उन्हें बेंगलुरु ले गए, जहां एक व्यक्ति से मुलाकात कराई गई। उसने खुद को डॉक्टर और यूनिवर्सिटी का असिस्टेंट रजिस्ट्रार बताया।
आरोपियों ने असली जैसे दिखने वाले एडमिशन ऑर्डर और रसीदें दिखाकर भरोसा दिलाया और 12.68 लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट बनवाने को कहा।
इस गिरोह ने पीड़ित डॉक्टर के परिचित रिंग रोड क्षेत्र के एक अन्य डॉक्टर को भी मेडिकल पीजी में एडमिशन दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने उनसे करीब 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए ले लिए। दूसरे डॉक्टर को भी अब तक एडमिशन नहीं मिला है और वे अपनी रकम वापस पाने के लिए आरोपियों के चक्कर काट रहे हैं।
करीब दो साल तक एडमिशन और रकम वापसी का इंतजार करने के बाद दोनों डॉक्टरों ने पुलिस से शिकायत की। सिविल लाइन पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों के तार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से जुड़े बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।