

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bijapur News: Gold worth ₹4.29 crore and over ₹24 lakh in cash recovered from a Maoist dump in Bijapur
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास घने जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए माओवादी डंप से पुलिस ने 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। सोने के बिस्किट और नकदी को एक स्टील के डिब्बे में भरकर जमीन के अंदर छिपाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर 2026 को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादी डंप छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।
इस टीम में DRG, थाना भैरमगढ़ और BDS के जवान शामिल थे। संयुक्त टीम ने भैरमगढ़ थाने से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के पास चिह्नित स्थान पर सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान BDS टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी की कार्रवाई करते हुए जमीन में दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया।
बरामद स्टील के डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें सोने के 33 बिस्किट मिले। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है। कुल मिलाकर 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलोग्राम सोना बरामद हुआ है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा डिब्बे में टेप से लिपटा एक पैकेट भी मिला, जिसमें 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद रखे हुए थे। पुलिस ने सोने और नकदी को जब्त कर थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों द्वारा माओवादियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियानों के परिणामस्वरूप बीजापुर जिले के अलग-अलग इलाकों में छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का लगातार खुलासा हो रहा है।
अब तक की कार्रवाई में कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को माओवादी नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर करने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।