

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Factionalism resurfaces at Congress workers' conference: a show of unity on stage, but a display of strength on the ground.
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को एकजुट करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। शुक्रवार को भिलाई के सेक्टर-4 में आयोजित भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव के समर्थकों के बीच शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला।सम्मेलन के मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक साथ नजर आए, लेकिन मैदान में दोनों नेताओं के समर्थक अपने-अपने खेमे की ताकत दिखाते रहे। नारेबाजी, तख्तियां, स्वागत के लिए बुके और दोपहर के भोज में गैरमौजूदगी जैसे घटनाक्रम पूरे आयोजन के दौरान चर्चा का विषय बने रहे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के स्वागत से शुरू हुई यह सियासी खींचतान सम्मेलन तक जारी रही।
सुखदेव भगत के पहुंचते ही विधायक देवेंद्र यादव के समर्थकों ने उनके पक्ष में नारे लगाने शुरू कर दिए। कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ के कौन खेवैया, देवेंद्र भैया-देवेंद्र भैया के नारे लगाए। कई समर्थक देवेंद्र यादव और सुखदेव भगत की तस्वीर वाली तख्तियां लेकर मंच के सामने खड़े रहे।इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मंच पर भी पहुंच गए। उन्हें नीचे उतरने के लिए कहा गया, लेकिन वे वहीं बैठ गए। इस घटनाक्रम ने सम्मेलन में देवेंद्र यादव समर्थकों के शक्ति प्रदर्शन को और चर्चा में ला दिया।
दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थक भी अपने नेता के समर्थन में लगातार नारेबाजी करते रहे। व्यक्तिगत नेताओं के नाम पर हो रही इस नारेबाजी के बीच भूपेश बघेल ने अपने समर्थकों को टोकते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाएं।उनकी इस टिप्पणी को सम्मेलन में नेताओं के नाम पर चल रही प्रतिस्पर्धा के बीच पार्टी की एकजुटता और सामूहिक पहचान को प्राथमिकता देने की अपील के रूप में देखा गया।
पूरे आयोजन में भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के समर्थकों के बीच अलग-अलग खेमों की सक्रियता साफ दिखाई दी। मंच पर वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के बावजूद कार्यकर्ताओं की नारेबाजी और प्रदर्शन ने पार्टी के भीतर जारी खींचतान को उजागर कर दिया।सम्मेलन का उद्देश्य नगरीय निकाय चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को एकजुट करना था, लेकिन आयोजन में सामने आए घटनाक्रम ने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया।