

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Gram Sabha in Jabla village, Jashpur, passes resolution against religious conversion; information boards installed
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मतांतरण को लेकर आदिवासी समाज की ग्राम सभाओं में प्रस्ताव पारित करने का सिलसिला जारी है। जिले के चार गांवों के बाद अब जिला मुख्यालय के पास स्थित जबला गांव में भी इस संबंध में सूचना बोर्ड लगाया गया है। ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर गांव में फादर, पास्टर और सिस्टर के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी आदिवासी पहचान, संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखना चाहते हैं। उनका कहना है कि गांव में किसी को भी मतांतरण की गतिविधियां संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष गंगाराम विन भगत ने बताया कि जबला आदिवासी बहुल गांव है। यहां ग्रामीणों ने मतांतरण रोकने के उद्देश्य से ग्राम सभा आयोजित की और प्रस्ताव पारित किया।जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि पेसा एक्ट के तहत अधिसूचित क्षेत्र के गांवों को अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का अधिकार है। जबला में इसी अधिकार के तहत ग्राम सभा आयोजित की गई। विधायक के अनुसार, गांव में चंगाई सभा और प्रार्थना सभा पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय भी लिया गया है।
जनजातीय सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय सदस्य कृपाशंकर भगत के अनुसार, वर्ष 1905-06 में मनोरा विकासखंड के खरकोना गांव में जर्मनी से आए फादर लिंगटन ने 65 परिवारों का मतांतरण कराया था। उनके मुताबिक, जिले में आदिवासी समाज के बीच मतांतरण की यह पहली घटना थी।कृपाशंकर भगत ने बताया कि मतांतरित ईसाइयों का एक सामाजिक संगठन जिले में उनकी आबादी डेढ़ लाख से अधिक होने का दावा करता है। उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत कलेक्टर कार्यालय से इस संबंध में जानकारी मांगी थी। उनके अनुसार, प्रशासन ने जवाब में मतांतरितों की संख्या निरंक बताई।उन्होंने दावा किया कि जिले में किसी भी व्यक्ति ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 1968 के प्रावधानों के तहत मतांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इसी वजह से प्रशासनिक रिकॉर्ड में उन्हें मतांतरित के रूप में दर्ज नहीं किया गया है।
गांवों में मतांतरण संबंधी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सूचना बोर्ड लगाए जाने का ईसाई आदिवासी संगठन विरोध कर चुका है। संगठन ने हाल ही में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति जताई थी।संगठन का कहना है कि इस तरह के बोर्ड लगाने से मतांतरण पर रोक लगने के बजाय गांवों में सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है और शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो सकती है।