

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Allegations of double standards in CGMSCL tender; exemptions granted to Kansal Medical
रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससीएल) के कंज्यूमेबल टेंडर क्रमांक 223 (आर1) को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि अधिकारियों ने एक ही तरह के मामले में दो अलग-अलग मापदंड अपनाए। बिलासपुर की एक स्थानीय कंपनी को आईमैक खरीदी में औद्योगिक छूट देने पर आपत्ति के बाद टेंडर से बाहर कर दिया गया, जबकि कंसल मेडिकल सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड को इसी तरह की छूट देकर टेंडर में आगे बढ़ने का अवसर दिया गया।शिकायत में स्टोर एवं सप्लाई अधिकारी प्रेमेश्वर कुमार देवांगन पर कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। धमतरी की 9-एम दवा कंपनी के संचालक मनीष अग्रवाल और खुशबू अग्रवाल को ही कंसल मेडिकल सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड का संचालक भी बताया गया है।
शिकायत के अनुसार, आईमैक खरीदी के दौरान सीजीएमएससीएल की क्रय समिति के एक सदस्य ने स्थानीय उद्योग को दी जा रही छूट पर लिखित आपत्ति दर्ज कराई थी। समिति में स्वास्थ्य विभाग से बाहर के एक सदस्य ने सवाल उठाया था कि कंपनी का विनिर्माण छत्तीसगढ़ में नहीं हो रहा है और उत्पादन दूसरे राज्य में किया जा रहा है, तो उसे स्थानीय उद्योग के नाम पर छूट कैसे दी जा सकती है।इसके बावजूद कंसल मेडिकल सिस्टम्स के मामले में इसी तरह की छूट को मान्यता दिए जाने पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
11 जुलाई 2026 को जारी जांच सूचना में कंपनी के दस्तावेजों में पांच कमियां दर्ज की गई थीं। इनमें मेडिकल सामान बनाने के लाइसेंस पर राज्य के संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं होना, पावर ऑफ अटॉर्नी में गवाह के हस्ताक्षर नहीं होना और जरूरी अनुमति पत्र का उपलब्ध नहीं होना शामिल था।इसके अलावा लाइसेंस और पुराने खरीदी आदेश में सामान के पहचान नंबर भी दर्ज नहीं थे। टेंडर की शर्तों के मुताबिक, आपत्ति दर्ज होने के बाद नए दस्तावेज जमा नहीं किए जा सकते थे। इसके बावजूद कंपनी को सभी 30 उत्पादों के लिए योग्य घोषित कर दिया गया।
कंपनी ने टेंडर में 30 उत्पादों के लिए बोली लगाई थी। इनमें 17 उत्पाद मेडिकल उपकरणों की श्रेणी में बताए गए हैं। शिकायत के मुताबिक, इन उपकरणों की आपूर्ति के लिए तीन साल का अनुभव अनिवार्य था, जबकि कंपनी को मेडिकल उपकरण निर्माण का लाइसेंस 16 जनवरी 2026 को मिला था।ऐसे में सवाल उठाया गया है कि महज पांच महीने पुराने लाइसेंस वाली कंपनी ने तीन साल के अनुभव की शर्त कैसे पूरी की।
टेंडर में कुछ उत्पादों की कीमतों को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। प्लेन ट्यूब के लिए युक्का डायग्नोस्टिक्स ने पांच प्रतिशत जीएसटी की दर से कीमत बताई, जबकि कंसल ने 18 प्रतिशत जीएसटी लगाया।इसी तरह माइक्रो पिपेट स्टैंड के लिए युक्का डायग्नोस्टिक्स ने 1,990 रुपये की कीमत दी, जबकि कंसल ने 6,500 रुपये कोट किए। जीएसटी सहित दोनों कंपनियों की कीमत क्रमशः 2,348.20 रुपये और 7,670 रुपये रही।शिकायत में इन कीमतों के अंतर और टेंडर प्रक्रिया में अपनाए गए मापदंडों की जांच की मांग उठाई गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सीजीएमएससीएल ने तीन सूचियों में कंसल के 13 उत्पादों को मंजूरी दी।