

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

An example of wildlife conservation through football: 300 villages have banned the hunting of pangolins.
कोहिमा। खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का जरिया भी बन सकता है। नगालैंड में फुटबॉल ने वन्यजीव संरक्षण की ऐसी ही मिसाल पेश की है। यहां फुटबॉल टूर्नामेंट के जरिए लोगों को पैंगोलिन के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस पहल का असर इतना व्यापक रहा कि नगालैंड और मणिपुर के करीब 300 गांवों ने पैंगोलिन के शिकार और उसके व्यापार पर रोक लगाने का फैसला किया है।
अक्टूबर 2026 में वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूटीआई) ने छह दिवसीय ‘पैंगोलिन कप’ फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया। इसमें आठ गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट के दौरान 10 हजार से अधिक लोग मैच देखने पहुंचे।मैदान पर खिलाड़ियों के बीच मुकाबले के साथ दर्शकों को पैंगोलिन के महत्व और उसके संरक्षण की जरूरत के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों को समझाया गया कि इस जीव का शिकार रोकना क्यों जरूरी है और जंगल के पर्यावरण को संतुलित रखने में इसकी क्या भूमिका है।
पैंगोलिन जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह चींटियां और दीमक खाता है, जिससे इनकी आबादी नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। इसके संरक्षण से जंगल का प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायता मिलती है।
फुटबॉल टूर्नामेंट के साथ चलाए गए जागरूकता अभियान का सकारात्मक परिणाम सामने आया। नगालैंड और मणिपुर के करीब 300 गांवों ने पैंगोलिन के शिकार और व्यापार पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही नियम तोड़ने वालों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना तय किया गया है।यह पहल बताती है कि स्थानीय समुदायों की भागीदारी और खेल जैसे लोकप्रिय माध्यमों के जरिए वन्यजीव संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जा सकता है।