

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Former SBI Chief Manager embezzles Rs 93.60 lakh; arrested in Jharkhand after six years, taken into remand by the ACB.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के एंटी करप्शन ब्यूरो एवं आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ACB/EOW) ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाल्को शाखा में करीब 93.60 लाख रुपये के कथित गबन के छह साल पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने बैंक के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंक के विभिन्न खातों से 93 लाख 60 हजार 797 रुपये अवैध रूप से अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
ACB/EOW से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय कोरबा के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में रायपुर स्थित EOW/ACB मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में SBI की बाल्को शाखा में वित्तीय अनियमितताओं और बैंक की राशि के गबन का आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 07/2020 के तहत भारतीय दंड विधान की धारा 409 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, सुनील कुमार झा एक जून 2018 से एक अगस्त 2019 तक SBI की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के विभिन्न खातों से 93,60,797 रुपये अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के बैंक खातों में स्थानांतरित किए। इस कथित गड़बड़ी से बैंक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।
प्रकरण की विवेचना के दौरान जांच अधिकारियों ने बाल्को शाखा के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते के स्टेटमेंट जब्त किए। इसके अलावा आरोपी की पत्नी, वाहन चालक और अन्य लोन खाताधारकों के बैंक खातों के स्टेटमेंट भी जांच के लिए लिए गए।
जांच एजेंसी ने बैंक शाखा से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर भी जब्त किए। दस्तावेजों के परीक्षण में कथित तौर पर बैंक के बीजीएल खातों से रकम डेबिट कर अन्य खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई। ब्यूरो के अनुसार, संबंधित वाउचर आरोपी सुनील कुमार झा द्वारा तैयार किए गए थे।
विवेचना के दौरान मिले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)ए और 13(2) के साथ भारतीय दंड विधान की धारा 420, 467, 468 और 471 भी जोड़ी गईं। जांच एजेंसी के अनुसार, मामले में आपराधिक न्यास भंग, धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों से संबंधित अपराधों के साक्ष्य मिले हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसीबी बिलासपुर की टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में टीम ने 35 वर्षीय सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका जिले के राखाबानी, रसीकपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुमका के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से छत्तीसगढ़ लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड प्राप्त की गई।
ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद एसीबी की टीम आरोपी को छत्तीसगढ़ लेकर पहुंची और कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने पूछताछ के लिए आरोपी की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी है। अब जांच एजेंसी पुलिस रिमांड के दौरान बैंक खातों में रकम ट्रांसफर किए जाने, कथित वित्तीय अनियमितताओं और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ करेगी। करीब छह साल पुराने इस मामले में जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई जारी है।