

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major verdict in Raipur drug trafficking case: 3 accused sentenced to 20 years in prison each; 6 acquitted
रायपुर के चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में एनडीपीएस की स्पेशल कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने 9 आरोपियों में से 3 को दोषी करार देते हुए 20-20 साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई है। सजा पाने वालों में आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं। वहीं, सबूतों के अभाव और संदेह का लाभ देते हुए बाकी 6 आरोपियों को बरी कर दिया गया है। न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने यह फैसला सुनाया। मामले में कुल 20 गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे।
सरकारी वकील स्वाति शर्मा के मुताबिक, इस ड्रग्स नेटवर्क के तार रायपुर से हिमाचल प्रदेश के कसोल और दिल्ली तक जुड़े थे। आरोपियों पर नाइजीरियाई नागरिक से ड्रग्स खरीदकर हिमाचल के होटल के जरिए छत्तीसगढ़ में सप्लाई करने का आरोप था। पुलिस जांच में चरस, एमडीएमए और कोकीन की तस्करी का खुलासा हुआ था।
मामले की शुरुआत 23 सितंबर 2024 को हुई थी, जब टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्रवाई करते हुए शुभम सोनी को पकड़ा था। उसके पास से 31.88 ग्राम चरस, 98 एमडीएमए टैबलेट, जिनका कुल वजन 45.08 ग्राम था, एक पिस्टल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, एक लाख रुपये नकद और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए थे।
जांच में सामने आया कि ड्रग्स की खरीद-बिक्री के लिए वॉट्सऐप और स्नैपचैट का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, अभिषेक साहू उर्फ चीनी ड्रग्स की रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवाता था और आर्यन ठाकरे के जरिए रायपुर तक नशीले पदार्थ पहुंचाए जाते थे। इस काम के बदले आर्यन को हर बार 25 हजार रुपये और आने-जाने का किराया दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, आर्यन ठाकरे हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल एप्पल पाई में मैनेजर था। उसके पास से 65.50 ग्राम कोकीन बरामद की गई थी। आरोपियों के बयानों और जांच में दिल्ली से लेकर हिमाचल और रायपुर तक फैले सप्लाई नेटवर्क की जानकारी सामने आई थी।
इस मामले में शुभम सोनी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर अन्य आरोपियों को भी जांच के दायरे में लिया गया था। अब अदालत के फैसले के बाद 3 आरोपियों को 20-20 साल की सजा मिली है, जबकि 6 आरोपियों को संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया गया है।