

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh swachh survekshan 2025 raipur bilaspur bilha national award
रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। तीनों शहरों को 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन शहरों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करेंगी।
इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। खास बात यह है कि इस सम्मान के पीछे सफाई मित्रों की मेहनत, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रयास और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण माना गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों की टीम और सफाई मित्रों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों प्रदेश के तीन शहरों का सम्मानित होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान उन सफाई मित्रों के परिश्रम का भी सम्मान है, जो हर दिन शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटे रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को लेकर नई जागरूकता पैदा की है। अब स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से चलने वाला जनआंदोलन बन चुकी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी शहरों में बेहतर सफाई व्यवस्था हो और लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिले।
केंद्रीय मंत्रालय ने भेजा चयन का पत्र
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की औपचारिक जानकारी दी है। मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह ने छत्तीसगढ़ में संचालित स्वच्छता गतिविधियों और नागरिकों की भागीदारी की सराहना की है।
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण है। इस बार इसकी थीम 'स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई है। इसका उद्देश्य स्वच्छता को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
सफाई मित्रों को भी मिलेगा सम्मान
11 नवंबर को नई दिल्ली में होने वाले समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों की भूमिका को विशेष महत्व दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्रालय ने चयनित शहरों के प्रतिनिधिमंडलों में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों और अभियंताओं को शामिल करने के लिए आमंत्रित किया है।
प्रत्येक पुरस्कार प्राप्त शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने का अवसर मिलेगा। समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।
अरुण साव बोले- दूसरे शहरों को मिलेगी प्रेरणा
उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने भी तीनों शहरों के चयन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगरीय निकायों की सक्रियता, सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या सर्वेक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि शहरों की नियमित कार्यसंस्कृति और लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बने। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलने वाला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के दूसरे नगरीय निकायों को भी बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वच्छता केवल पुरस्कार हासिल करने का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा संकल्प है। सरकार चाहती है कि प्रदेश का हर शहर स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बने। तीन शहरों की इस उपलब्धि को अब पूरे प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में नई प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।