

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

pm modi celebrates diwali with crpf jawans in bastar vijay sharma statement
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दीपावली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचे। यहां उन्होंने जगदलपुर के नजदीक करनपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन के मुख्यालय में तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई। प्रधानमंत्री ने जवानों के बीच पहुंचकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और देश की सुरक्षा में उनके साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
प्रधानमंत्री के इस अचानक हुए बस्तर दौरे को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जवानों के साथ दीपावली मनाने के लिए बस्तर पहुंचना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने नक्सल मुक्त बस्तर और नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री का हृदय से स्वागत किया।
अचानक बना दौरे का प्लान, किसी को नहीं थी जानकारी
मीडिया से चर्चा करते हुए विजय शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे की पहले से कोई विशेष तैयारी नहीं थी। उन्होंने अचानक ही करनपुर स्थित CRPF कैंप पहुंचने की योजना बनाई। प्रधानमंत्री सीधे जवानों के बीच पहुंचे और उनसे मुलाकात की।
डिप्टी सीएम ने बताया कि CRPF के साथ-साथ अन्य सशस्त्र बलों के जवानों को भी प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिला। इस दौरान CRPF के डीजी भी उनके साथ मौजूद रहे। विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल मुक्त बस्तर में प्रधानमंत्री का जवानों के साथ दीपावली मनाना बेहद खास और गर्व का क्षण है।
बस्तर के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही केंद्र सरकार
बस्तर के लिए प्रधानमंत्री की ओर से किसी विशेष घोषणा या सरप्राइज को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की योजना में बहुत सी चीजें शामिल हैं। यह एक दिन में होने वाला काम नहीं, बल्कि योजनाओं की पूरी श्रृंखला है।
उन्होंने कहा कि यदि इन योजनाओं के बारे में विस्तार से बताना हो तो काफी समय लगेगा। डिप्टी सीएम के इस बयान से संकेत मिले हैं कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर के विकास और बदलाव को लेकर आगे भी कई योजनाओं पर काम कर रही हैं।
अंत में विजय शर्मा ने बस्तरवासियों, सुरक्षा बलों के जवानों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।