

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh weather update next five days no major change
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल स्थिर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आसमान साफ रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में भी विशेष उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा। ऐसे में प्रदेशवासियों को फिलहाल कड़ाके की ठंड का इंतजार करना पड़ सकता है।
प्रदेश के उत्तरी इलाकों में रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है। हाल ही में दर्ज तापमान के अनुसार अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में 14 डिग्री और जगदलपुर में 14.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। रायपुर और दुर्ग में भी रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
दूसरी ओर, दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास अभी भी बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजनांदगांव में 30.5 डिग्री और रायपुर में करीब 30.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। यानी सुबह और रात में हल्की ठंड, जबकि दोपहर में धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में धूप खिली रहेगी, जबकि शाम और रात के समय मौसम सुहाना रहने की संभावना है।
पांच दिनों तक बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है और फिलहाल किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी भी जारी नहीं की गई है।
कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में अभी गुलाबी ठंड का दौर जारी रहेगा। सुबह और रात में हल्की सिहरन महसूस होगी, जबकि दोपहर में धूप के कारण गर्मी बनी रहेगी। फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।