

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-youth-congress-election-17-candidates
भास्कर न्यूज | रायपुर:
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष चुनाव इस बार केवल संगठन का नया मुखिया चुनने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इस चुनाव ने कांग्रेस के भीतर उभर रहे राजनीतिक समीकरणों और बड़े नेताओं की सियासी ताकत को भी दांव पर लगा दिया है। भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 17 उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है।
चेलक और बंजारे के बीच सीधी टक्कर, उमेश और देवेंद्र का समर्थन
मैदान में हालांकि 17 दावेदार हैं, लेकिन संगठन और राजनीतिक गलियारों में मुकाबला मुख्य रूप से आरंग के सत्येंद्र चेलक और बलौदाबाजार के पूर्व जिला अध्यक्ष शैेंद्र बंजारे के बीच माना जा रहा है।
इस चुनाव को केवल दो युवा नेताओं के बजाय उनके पीछे खड़े राजनीतिक चेहरों की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सत्येंद्र चेलक को विधायक उमेश पटेल का समर्थन प्राप्त है, जबकि शैलेंद्र बंजारे के पक्ष में विधायक देवेंद्र यादव सक्रिय हैं।
राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सत्येंद्र चेलक के समर्थक वाले खेमे के साथ हैं, वहीं शैलेंद्र बंजारे को प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा के अलावा कांग्रेस के दूसरे वरिष्ठ नेताओं का समर्थन मिलने की चर्चा है। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के समर्थकों का नाम भी लिया जा रहा है।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बेटे आदित्य का नामांकन रद्द
प्रदेश अध्यक्ष के अलावा 16 प्रदेश उपाध्यक्ष, 53 प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष सहित कई पदों के लिए भी चुनाव होना है, और मतदान प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। इस बीच, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बेटे आदित्य भगत का नामांकन आयु सीमा पूरी नहीं होने के कारण निरस्त कर दिया गया है। अध्यक्ष पद के लिए कुल 19 नामांकन दाखिल हुए थे, और भारतीय युवा कांग्रेस के नियमों के अनुसार 28 मई 1990 के बाद जन्मे उम्मीदवार ही चुनाव लड़ सकते हैं, इसी आधार पर उनका नामांकन खारिज किया गया।
मैदान में ये 17 उम्मीदवार हैं शामिल
सत्येंद्र चेलक, शैलेंद्र बंजारे, विनोद कश्यप (भक्कू), भावेंद्र गंगोत्री, दीक्षा पांडे, जस्मीत शर्मा (सोनू शर्मा), कपिल कांत नाग, मानव देशमुख, मृदुला भास्कर, परमीत बग्गा (हनी बग्गा), प्रशांत बोकड़े, प्रीतिका विश्वकर्मा, प्रीति वैष्णव, सागर बाघमारे, सजल चंद्राकर, शालिनी रामटेके और सोनिका पोर्ते।
सदस्यता अभियान और आर्थिक संसाधनों की भूमिका
युवा कांग्रेस चुनाव में प्रदेशभर के करीब 16 लाख युवाओं के शामिल होने का अनुमान है, और अब सभी उम्मीदवार सदस्यता अभियान में जुटेंगे। प्रदेशभर में जितने अधिक सदस्य बनाए जाएंगे, उसी आधार पर चुनावी समीकरण बनेंगे। सदस्यता शुल्क का खर्च भी उम्मीदवारों को स्वयं वहन करना पड़ता है, ऐसे में राजनीतिक समर्थन के साथ आर्थिक संसाधन भी चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस के जानकारों का कहना है कि 17 उम्मीदवारों में ऐसा कोई चेहरा नहीं है, जिसकी पूरे प्रदेश में अपने दम पर निर्णायक पकड़ हो, इसलिए वरिष्ठ नेताओं का समर्थन ही चुनाव की दिशा तय कर सकता है।