

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cm sai slams rahul gandhi after dharmendra pradhan resignation neet row
रायपुर। नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। इस्तीफे के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से देश से माफी मांगने की बात कही। वहीं, इस बयान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सिद्धांतवादी पार्टी है, जो राष्ट्र सेवा के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया है, जो राजनीतिक जवाबदेही का उदाहरण है।
सीएम साय ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी रह चुके हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी ने राज्य में बड़ी सफलता हासिल की थी। उन्होंने अपने दायित्वों का हमेशा ईमानदारी से निर्वहन किया है।
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार
राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान कि "मोदी और शाह को देश से माफी मांगनी चाहिए" पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। यही कारण है कि जनता का विश्वास कांग्रेस से लगातार कम होता गया है। सीएम साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ।
PSC घोटाले का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) भर्ती घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हुआ और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हुए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से पीएससी मामले की सीबीआई जांच कराने का वादा किया था, जिसे भाजपा सरकार ने पूरा किया। आज इस मामले में तत्कालीन पीएससी अध्यक्ष समेत कई आरोपी जेल में हैं।
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
अजय चंद्राकर ने भी साधा निशाना
वहीं, भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएससी घोटाले के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रदेश के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। उनका कहना था कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ और इसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जहां विपक्ष केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है, वहीं भाजपा इसे नैतिक जवाबदेही का उदाहरण बताते हुए कांग्रेस के पुराने मामलों को सामने ला रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक बहस का बड़ा विषय बना रह सकता है।