

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

delhi-ai-summit-bjp-vs-congress-protest-rajiv-bhavan
नई दिल्ली: राजधानी में शनिवार को आयोजित एआई समिट और अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर सियासी माहौल गरमाया। भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एक-दूसरे के कार्यालयों का घेराव करने निकले, जिन्हें पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर रोक दिया।
भाजयुमो कार्यकर्ता राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें शंकर नगर चौक के पास बैरिकेडिंग और टिन शेड लगाकर रोक दिया। अनुमति न मिलने पर कार्यकर्ता वहीं प्रदर्शन कर लौट गए। इस दौरान करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित हुआ।
उधर, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय के घेराव के लिए निकले। रैली मोतीबाग क्षेत्र तक पहुंची, जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने आरोप लगाया कि देश का युवा बेरोजगारी और महंगाई से परेशान है, किसान दबाव में हैं और सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष पर आरोप लगा रही है। इस बीच, राजीव भवन के सामने कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल के साथ भाजयुमो कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी भी हुई और कांग्रेस ने पुतला फूंककर विरोध जताया।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारिहा ने कहा कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन कांग्रेस पार्टी के खत्म होते वजूद का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत की वैश्विक छवि धूमिल करने और राष्ट्र की प्रतिष्ठा कम करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एआई शिखर सम्मेलन में अभद्र और अमर्यादित प्रदर्शन कर अपनी भारत विरोधी मानसिकता को फिर से साबित किया।