

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: ACB trap operation; Food inspector arrested in Bilaspur while accepting a bribe of Rs 90,000, bribe money recovered from his home
बिलासपुर। एसीबी/आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की लगातार चल रही ट्रैप कार्रवाई के तहत आज एसीबी इकाई बिलासपुर ने मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम विद्याडीह थाना मस्तूरी निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि ग्राम विद्याडीह की शासकीय उचित मूल्य की दुकान वर्तमान में पंचायत द्वारा संचालित की जा रही है, जिसे शैल स्व सहायता समूह को आवंटित कराने के लिए आवेदन एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में लगभग तीन माह पूर्व दिया गया था।
शिकायत के अनुसार, फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने समूह के पक्ष में एसडीएम के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कर दुकान आवंटन आदेश जारी करवाने के एवज में 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी को पकड़वाना चाहता था।
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई।
आज प्रार्थी को मांगी गई रकम में से 90 हजार रुपए की व्यवस्था कर आरोपी को देने भेजा गया। जैसे ही श्याम वस्त्रकार ने अपने महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित आवास पर प्रार्थी से 90 हजार रुपए की रिश्वत राशि स्वीकार की, एसीबी टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
आरोपी से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके निवास पर सर्च की कार्रवाई भी जारी है।
गौरतलब है कि एसीबी बिलासपुर इस वर्ष लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई कर चुकी है। हाल ही में एसीबी ने तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम कार्यालय के बाबू तथा सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी सहित चार अन्य आरोपियों को भी रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विभाग के लोकसेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तत्काल सूचना दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।