

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Crime News: 1.90 crore rupees defrauded in the name of gold mine in Tanzania, main accused arrested from Mumbai airport
मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से पुलिस ने सोने की खदान दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले मुख्य आरोपी यश शाह को गिरफ्तार किया है। आरोपी जमानत खारिज होने के बाद वियतनाम भागने की तैयारी में था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था, जिसके आधार पर उसे एयरपोर्ट पर ही दबोच लिया गया।
रायपुर के कारोबारियों से की करोड़ों की ठगी
मामला रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पीड़ित कारोबारी समर्थ बरडिया और मुकुल चोपड़ा ने 21 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2024 में घाटकोपर पूर्व निवासी यश शाह ने ऑनलाइन संपर्क कर खुद को तंजानिया में सोने की खदान का संचालक बताया था।
खदान दिखाकर बनाया भरोसा, दिलाया भारी मुनाफे का लालच
आरोपी ने पीड़ितों को भरोसे में लेने के लिए उन्हें तंजानिया ले जाकर कथित सोने की खदान दिखाई और भारी मुनाफे का दावा किया। इसके बाद 50 प्रतिशत हिस्सेदारी देने के नाम पर चरणबद्ध तरीके से पीड़ितों से 1 करोड़ 90 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
फर्जी दस्तावेजों से रची गई साजिश
जांच में सामने आया कि आरोपी ने खनन अधिकार और स्वामित्व से जुड़े फर्जी दस्तावेज पेश किए थे। साथ ही तंजानिया के निवासी अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे को पार्टनर बताकर अपनी विश्वसनीयता बढ़ाने की कोशिश की। बाद में पीड़ितों द्वारा स्वतंत्र जांच कराने पर खुलासा हुआ कि आरोपी का किसी भी वैध खदान से कोई संबंध नहीं है।
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस ठगी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।