

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP Crime News: A vicious thief arrested in Khandwa, targeting the homes of policemen for 15 years
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो अपने दो साथियों के साथ मिलकर केवल पुलिसकर्मियों के घरों में ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी पिछले करीब 15 वर्षों से इसी तरीके से चोरी करता आ रहा था। हाल ही में पुलिस लाइन में दो सिपाहियों के घरों में हुई चोरी के बाद उसे पहली बार पकड़ा गया।
पुलिसकर्मियों की बेफिक्री का उठाता था फायदा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पुलिसकर्मियों को आमतौर पर भरोसा रहता है कि उनके घरों में कोई चोरी करने की हिम्मत नहीं करेगा। इसी भरोसे और लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपी और उसका गिरोह वारदात को अंजाम देता था। गिरोह पहले पुलिसकर्मियों को चिन्हित करता और उनके घरों की रेकी करता था। जब घर खाली मिलता, तो ताला तोड़कर या नकब लगाकर चोरी कर फरार हो जाते थे।
सब्जी बेचने की आड़ में करता था चोरी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पेशे से सब्जी विक्रेता था। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन में चोरी के बाद हुई गिरफ्तारी
बीते 20 जनवरी को खंडवा पुलिस लाइन में दो पुलिसकर्मियों के घरों में चोरी हुई थी। मामले की जांच के दौरान शहर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण आर्य के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
कई जिलों में वारदातों का खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ मध्य प्रदेश के कई जिलों धार, बड़वानी, खरगोन, हरदा, इंदौर और देवास की पुलिस लाइनों में भी चोरी की कई वारदातें कर चुका है।
फरार साथियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, उसके दो फरार साथियों की तलाश जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।