

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

delhi university professor murder
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ स्थित सत्यम अपार्टमेंट में दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की एक महिला सहायक प्रोफेसर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान देबोस्मिता पाल के रूप में हुई है, जिनका शव उनके ही फ्लैट में खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया।
पुलिस और फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने देबोस्मिता के सिर पर किसी भारी वस्तु से जोरदार वार किया था। इसके साथ ही क्रूरता की हदें पार करते हुए किसी धारदार हथियार से उनके हाथ की नस भी काट दी गई थी, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई।
शुरुआती जांच में पुलिस ने लूटपाट के इरादे से हत्या की बात को सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस के अनुसार फ्लैट में रखे लैपटॉप और नकदी पूरी तरह सुरक्षित मिले हैं।
फ्लैट के मुख्य दरवाजे या खिड़की से जबरन अंदर घुसने के कोई भी निशान नहीं मिले हैं। इन सबूतों को देखते हुए पुलिस को अंदेशा है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि कोई बेहद परिचित या करीबी ही है, जिसके लिए मृतका ने खुद दरवाजा खोला होगा।
शव की स्थिति और उसकी हालत को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि यह हत्या मंगलवार रात या बुधवार सुबह के बीच किसी समय की गई है।
मूल रूप से बंगाल की रहने वाली देबोस्मिता पाल दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में अंग्रेजी विभाग की सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं। वह यहाँ अपनी बड़ी बहन के फ्लैट में रह रही थीं। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में उनकी शादी हुई थी, लेकिन गंभीर घरेलू विवाद के चलते वह अपने पति से अलग रह रही थीं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतका के करीबियों व कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है।