

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

devendra-yadav-mms-case-bhilai-video-sample-police-investigation
भिलाई। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित MMS/सेक्स वीडियो मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने शनिवार (11 अप्रैल) को भिलाई नगर थाने पहुंचकर अपना फोटो और वीडियो सैंपल पुलिस को सौंपा। पुलिस ने इन सैंपल्स को रिकॉर्ड में लेकर सुरक्षित कर लिया है, ताकि वायरल वीडियो की सत्यता की वैज्ञानिक जांच की जा सके।
यह मामला 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान सामने आए एक कथित MMS से जुड़ा है, जिसमें एक युवक एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहा था। उस समय भाजपा ने दावा किया था कि वीडियो में दिख रहा युवक विधायक देवेंद्र यादव हैं और मामले की जांच की मांग करते हुए शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि, यादव ने शुरू से ही इस वीडियो को फर्जी और मॉर्फ्ड बताते हुए अपनी छवि खराब करने की साजिश करार दिया है।
थाने पहुंचने से पहले मीडिया से बातचीत में देवेंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने इस मामले में करीब तीन साल पहले ही FIR दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि उन्हें हाल ही में नोटिस मिला, लेकिन नोटिस भेजने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 6 तारीख को सुबह 11 बजे पेश होने का नोटिस था, जबकि नोटिस उसी दिन दोपहर 1 बजे उनके पास पहुंचा।
विधायक ने कहा कि वे चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई जनता के सामने आए। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि अन्य नेताओं के मामलों में CBI जांच हो सकती है, तो उनके मामले में भी निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए।
देवेंद्र यादव ने दोहराया कि चुनाव के समय इस वीडियो का इस्तेमाल कर उनकी छवि खराब करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि पहले की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट में यह सामने आ चुका है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति वह नहीं हैं।
गौरतलब है कि वीडियो वायरल होने के समय देवेंद्र यादव भावुक हो गए थे और मीडिया के सामने रो पड़े थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्षी दलों ने उन्हें बदनाम करने के लिए फर्जी MMS तैयार कर वायरल किया। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो सबसे पहले हैदराबाद से सामने आया था।
फिलहाल पुलिस नए सिरे से जांच को आगे बढ़ा रही है और दिए गए सैंपल्स के आधार पर फॉरेंसिक विश्लेषण किया जाएगा, जिससे इस मामले में सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।