

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Dhamtari Murder Case,
धमतरी में मोबाइल देखने की बात पर बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, 16 वर्षीय कुंदन की मौत; आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मोबाइल देखने की बात को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद हत्या में बदल गया। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने 16 वर्षीय छोटे भाई पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। सिर और पीठ पर गंभीर चोट लगने के बाद छोटे भाई की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी बड़े भाई कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात खल्लारी थाना क्षेत्र के फरसगांव गांव की है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
मोबाइल देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों ने पढ़ाई छोड़ दी थी। घटना की रात खाना खाने के बाद कैलाश सोरी और उसका छोटा भाई कुंदन सोरी घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। मोबाइल कुंदन का था। इसी दौरान कैलाश ने उससे कहा कि वह दिनभर मोबाइल देखता है, इसलिए उसे भी दिखाए कि मोबाइल में क्या देखता है।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कैलाश ने लकड़ी के डंडे से कुंदन पर हमला कर दिया। उसने कुंदन के सिर और पीठ पर वार किए, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। हमले में उसके माथे और पैर में भी चोट आई। बाद में कुंदन की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्यात्मक मृत्यु की पुष्टि
घटना की सूचना मिलने पर खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने मृत्यु का स्वरूप हत्यात्मक बताया।
एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे के मुताबिक, मोबाइल देखने की बात पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान बड़े भाई कैलाश सोरी ने छोटे भाई के सिर पर लकड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजने की कार्रवाई
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी कैलाश सोरी (19) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ BNS की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।
मोबाइल देखने जैसी मामूली बात से शुरू हुआ विवाद एक नाबालिग की मौत का कारण बन गया। घटना ने परिवार के भीतर बढ़ते विवाद के गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है।