

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

dhirendra krishna shastri reaction on brother shaligram garg firing case
छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने छोटे भाई शालिग्राम गर्ग पर लगे गोलीकांड के आरोपों को लेकर पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि पिछले तीन वर्षों से उनका शालिग्राम गर्ग से कोई संबंध नहीं है और यदि किसी ने गलत काम किया है तो उसके खिलाफ कानून को निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
मीडिया से बातचीत में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनका और उनके परिवार का अब शालिग्राम गर्ग से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने कहा, “हमारा परिवार अब पूरा विश्व और समाज है। जो भी दोषी है, उसे कानून और भगवान दोनों दंड दें। कानून अपना काम करे और उचित कार्रवाई हो।”
हर विवाद में नाम जोड़ना उचित नहीं: धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि उनके परिवार या उनके क्षेत्र से जुड़े हर विवाद में उनका नाम जोड़ना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि छतरपुर एक बड़ा जिला है, जहां आए दिन कई घटनाएं होती रहती हैं। इसलिए हर घटना को उनके नाम से जोड़ना उचित नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
मंगलवार को छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा (कौड़ा) गांव में जमीन विवाद के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई। इस मामले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग सहित चार लोगों पर हवाई फायरिंग करने और एक युवक को गोली मारने का आरोप लगा है।
घायल युवक की पहचान मोतीलाल कुशवाहा के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित का आरोप है कि शालिग्राम गर्ग और उनके साथियों ने उसकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर पहले मारपीट की गई और फिर उस पर गोली चला दी गई।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिन्हें पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि घायल का जिला अस्पताल में बयान दर्ज किया जा रहा है। अब तक मिले बयानों के आधार पर शालिग्राम गर्ग सहित चार लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।