

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

durg-illegal-opium-farming-bjp-leader-arrested
भिलाई। दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में रविवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान करीब 14 लाख अफीम के पौधों को नष्ट किया गया। अधिकारियों के अनुसार इस अवैध खेती की अनुमानित कीमत करीब आठ करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस अवैध खेती का खुलासा होली से एक दिन पहले 3 मार्च को हुआ। गांव के कुछ बच्चे खेत के पास पहुंचे थे, जहां उन्होंने संदिग्ध पौधों को देखकर उनकी तस्वीरें मोबाइल से खींच लीं। बाद में जब बच्चों ने ये तस्वीरें गांव के लोगों को दिखाईं तो ग्रामीणों को शक हुआ। ग्रामीणों ने गूगल के जरिए पौधों की जांच की, जिससे यह पुष्टि हुई कि खेत में अफीम की खेती की जा रही है। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी।
मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, विकास बिश्नोई और मनीष ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं एक अन्य आरोपी अचला दास फिलहाल फरार बताया जा रहा है। रविवार को गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर इस अवैध खेती से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
अधिकारियों के अनुसार जिन खेतों में यह अवैध खेती की जा रही थी, सरकारी रिकॉर्ड में वहां मक्का की खेती दर्ज थी। लेकिन मौके पर मक्का के पौधों के बीच अफीम उगाई गई थी। इसके अलावा खेतों में गाजर घास भी लगाई गई थी ताकि दूर से देखने पर यह सामान्य खेती जैसी लगे और अवैध अफीम की खेती का पता न चल सके।
कार्रवाई के दौरान शुरुआत में पुलिस जवानों ने अफीम के पौधों को हाथों से उखाड़ने की कोशिश की, लेकिन पौधों की संख्या ज्यादा होने के कारण यह संभव नहीं हो पाया। इसके बाद प्रशासन ने करीब 50 महिला श्रमिकों को बुलाया, जिन्होंने खेतों में जाकर पौधों को उखाड़ना शुरू किया। बाद में जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से पूरे खेत को साफ कर पौधों को पूरी तरह नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस और प्रशासन को आशंका है कि आसपास के अन्य इलाकों में भी अवैध अफीम की खेती हो सकती है। इसे देखते हुए ड्रोन की मदद से खेतों का सर्वे किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।