

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

gadchiroli gambling raid c60 team crore cash seized 37 accused
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने अवैध जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड़ किया है। कोरची तहसील के अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र स्थित गहनेगट्टा के जंगल में देर रात एंटी नक्सल टीम C-60 ने छापेमारी की। कार्रवाई को इस इलाके में अब तक की बड़ी जुआ कार्रवाई बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गहनेगट्टा वन क्षेत्र में बेड़गांव पुलिस सहायता केंद्र की सीमा के भीतर जंगल में कुछ लोगों के ताश के पत्तों पर बड़े पैमाने पर पैसे लगाकर जुआ खेलने की सूचना मिली थी। गोपनीय सूचना के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक दिनेश खोटेले के नेतृत्व में C-60 टीम ने दो निरीक्षकों के साथ मौके पर दबिश दी।
जंगल में रात के अंधेरे में चल रहा था जुए का खेल
छापेमारी के दौरान जंगल में बड़ी संख्या में लोग ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाते मिले। पुलिस कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, डोंगरगांव, डोंगरगढ़, छुरिया, राजनांदगांव, दुर्ग-भिलाई और चिचोला क्षेत्र के लोग शामिल हैं।
31 लोग हिरासत में, 37 के खिलाफ FIR
कार्रवाई में कुल 31 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं मौके से फरार हुए छह लोगों समेत कुल 37 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
हिरासत में लिए गए लोगों में शैलेंद्र कुमार साहू (26), निवासी बेलरगोंदी, छुरिया, जिला राजनांदगांव और मोहम्मद बसीर (48), निवासी वार्ड नंबर 12, राजनांदगांव समेत अन्य लोग शामिल हैं।
पुलिस जांच में फरार आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें छत्रपति बांगरे निवासी कोरची, अमजद खान कोरची, तालिब निवासी डोंगरगढ़, राजा ब्रैंड उर्फ राजा श्रीवास निवासी राजनांदगांव और हेमंत राजपूत निवासी राजनांदगांव के नाम बताए गए हैं।
इसके अलावा सोनू कांबले निवासी दुर्ग, इमरान शेख निवासी डोंगरगांव, बबलू खटीक निवासी भिलाई, रोहित साहू निवासी राजनांदगांव, बसंत सोनी निवासी दुर्ग और अबुल वर्मा निवासी राजनांदगांव के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
1.34 करोड़ रुपये कैश बरामद
छापेमारी में पुलिस ने जुए के अड्डे से भारी मात्रा में नकदी और वाहन बरामद किए। पुलिस के अनुसार जब्ती में शामिल हैं—
₹1 करोड़ 34 लाख 14 हजार 10 रुपये नकद
22 चार पहिया वाहन
6 दो पहिया वाहन
26 मोबाइल फोन
जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री
यानी पुलिस ने कुल 28 वाहन और 1.34 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त की है।
महाराष्ट्र गैंबलिंग एक्ट के तहत केस दर्ज
मामले में कोरची पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र गैंबलिंग एक्ट की धारा 12(A) के तहत केस नंबर 0133/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जंगल में इतने बड़े स्तर पर जुए का अड्डा कब से संचालित हो रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।