

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

gujarat ats arrests 8 jaish e mohammed terror suspects india anti terror operation
अहमदाबाद। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े आठ संदिग्धों को गिरफ्तार कर एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी सोशल मीडिया के जरिए भारत विरोधी प्रचार कर रहे थे और युवाओं को गजवा-ए-हिंद जैसी कट्टरपंथी विचारधारा के लिए तैयार करने में जुटे थे।
ATS के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में दो की उम्र महज 18 और 19 वर्ष है। इनमें से एक आरोपी मध्य प्रदेश के देवास जिले का रहने वाला है, जबकि बाकी आरोपी गुजरात के विभिन्न जिलों से हैं। सभी का संबंध तबलीगी जमात से बताया गया है।
पाकिस्तान से संपर्क, जिहाद के लिए मिले थे पैसे
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो सीधे पाकिस्तान में बैठे जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलरों के संपर्क में थे। ATS का दावा है कि पाकिस्तान से इन्हें जिहादी गतिविधियों की तैयारी के लिए तीन लाख रुपये भेजे गए थे। इसी रकम से आरोपियों ने करीब डेढ़ लाख रुपये में एक पुरानी कार भी खरीदी थी।
सोशल मीडिया से फैला रहे थे कट्टरपंथ
ATS के अनुसार आरोपी व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए मौलाना मसूद अजहर के भारत विरोधी और जिहादी भाषण साझा करते थे। उनके मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से भारत विरोधी साहित्य, वीडियो और उर्दू में प्रकाशित कट्टरपंथी किताबें बरामद हुई हैं। साथ ही जैश-ए-मोहम्मद का झंडा भी जब्त किया गया है।
'दार-उल-इस्लाम गुजरात' बनाने की थी योजना
गुजरात ATS के महानिरीक्षक सुनील जोशी के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से प्रभावित होकर आरोपियों ने 'दार-उल-इस्लाम गुजरात जैश-ए-मोहम्मद ग्रुप' नाम से एक संगठन बनाया था। इसका उद्देश्य भारत में आतंकी संगठन का नेटवर्क तैयार करना और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करना था।
पूछताछ में कई अहम खुलासे
ATS के एसपी हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह जानकारी भी मिली कि दो आरोपी कश्मीर से वडोदरा आए एक संदिग्ध व्यक्ति से मिले थे। एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि इनके संपर्क देश के अन्य राज्यों या विदेशी नेटवर्क से भी थे या नहीं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला (19), इब्राहिम हुसैन घांची (30), मुदस्सर गाजीवाला (22), जकरिया घांची (21), मुफ्ती फैजान (40), अमीन शेरा (21), मोहम्मद अब्दुल सवादी (22) और बिलाल दुर्नी घांची (18) शामिल हैं। इनमें अधिकांश गुजरात के बनासकांठा, पाटन और नवसारी जिलों के निवासी हैं, जबकि बिलाल मध्य प्रदेश के देवास का रहने वाला है।
14 दिन की रिमांड
सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की ATS रिमांड पर भेज दिया गया है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे मॉड्यूल, विदेशी फंडिंग और संभावित आतंकी नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं।