

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jabalpur spa center death case
जबलपुर। शहर के ओमती थाना अंतर्गत तैयाबली क्षेत्र स्थित 'विधि स्पा' में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां पहुंचे एक 64 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आर.बी. सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
घटना के बाद स्पा संचालक तरुण दीक्षित ने बताया कि बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ते ही तत्काल उनके परिजनों को सूचित किया गया और ओमती पुलिस को भी जानकारी दी गई। संचालक के अनुसार, मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर यह स्पष्ट किया कि बुजुर्ग लंबे समय से बीमार थे। परिजनों ने स्वाभाविक मृत्यु मानते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को अपने साथ घर ले गए।
इस पूरी घटना को लेकर एक अजीब स्थिति बनी हुई है। जहां एक ओर स्पा संचालक का दावा है कि परिजनों द्वारा ओमती थाना पुलिस को पोस्टमार्टम न कराने के संबंध में लिखित आवेदन सौंपा जा चुका है, वहीं दूसरी ओर ओमती थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें इस घटना के संबंध में अब तक कोई औपचारिक सूचना या आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को संभालने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चूंकि शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है, इसलिए चिकित्सकीय रूप से मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल, इस घटना ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।