

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: CJP calls off protest following agreement with the government; appeals to students to return home.
नई दिल्ली। सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच कई दौर की बातचीत के बाद जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन समाप्त करने का ऐलान कर दिया गया। संविधान क्लब में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में CJP के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन वापस लेने की घोषणा की।
CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि सरकार के साथ सहमति बनने के बाद जंतर-मंतर पर मौजूद सभी प्रदर्शनकारी अपने-अपने घर लौट जाएं। उन्होंने कहा कि आंदोलन की प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय लिया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आशुतोष रांका ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सरकार के साथ तीन दौर की वार्ता हुई। उन्होंने दावा किया कि संगठन की तीनों प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली गई हैं। इनमें तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, आंदोलन से जुड़े सभी मामलों को वापस लेना और NEET प्रभावित छात्रों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देना शामिल है।
रांका ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच यह भी सहमति बनी है कि चार सप्ताह बाद CJP का प्रतिनिधिमंडल दोबारा केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेगा। इस बैठक में देश की शिक्षा व्यवस्था, NEET सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों में उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने "छात्र एकता जिंदाबाद" के नारे लगाए और राष्ट्रगान गाया। इस दौरान NEET पेपर लीक विवाद के बाद जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा गया।
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि आंदोलनकारियों की ओर से सरकार को चार सूत्रीय लिखित प्रस्ताव सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि सरकार ने नियमों के तहत अधिकतम मुआवजा देने, विभिन्न राज्यों में आंदोलन से जुड़े मामलों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने तथा शिक्षा सुधारों से जुड़े मांग-पत्र का अध्ययन करने पर सहमति जताई है।
नड्डा ने यह भी कहा कि सरकार और आंदोलनकारियों के बीच संवाद आगे भी जारी रहेगा ताकि शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधारों पर मिलकर काम किया जा सके।बैठक के अंत में CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने औपचारिक घोषणा करते हुए कहा, “हमारी सभी प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद हम तत्काल प्रभाव से अपना आंदोलन वापस लेते हैं।”